दिल्ली से लगे सीमावर्ती जनपदों में कोरोना संक्रमण के केस न बढ़े इसलिए वहां पर विशेष सावधानी बरती जा रही - नवनीत सहगल


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 12 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि दिल्ली से लगे प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में कोरोना संक्रमण के केस न बढ़े इसलिए वहां पर विशेष सावधानी बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि कल अयोध्या में दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, इस बार कोविड-19 के चलते स्थानीय दीप प्रज्जवल के साथ-साथ डिजिटल दीपोत्सव मनाया जायेगा। कल अयोध्या में राम की पैड़ी पर 5 लाख 51 हजार दीये जलाये जायेंगे जो विश्व रिकार्ड होगा। मुख्यमंत्री आज सायं को दीपोत्सव का डिजिटल बेवसाइट लाॅन्च करेंगे। उद्घाटन के बाद संचार माध्यमो के जरिये लिंक उपलब्ध करा दी जायेगी। उन्होंने कहा है कि देश-विदेश से भी लोग डिजिटलीकरण के माध्यम से अयोध्या के दीपोत्सव में भाग ले सकते है।
       श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां और अधिक तेजी से बढ़ें, इसके लिए प्रदेश सरकार निरन्तर प्रयास कर रही है। इसके अतिरिक्त रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए तथा आर्थिक गतिविधियां को और बढ़ाने के लिए सरकार के प्रोत्साहन से नई एम0एस0एम0ई0 इकाइयां खुल रही है। नई इकाइयों के स्थापना से 25 लाख नये रोजगार मिले। प्रदेश में अद्यतन 4.37 लाख इकाईयों को आत्मनिर्भर पैकेज के अन्तर्गत रू0 10,850 करोड के ऋण स्वीेकृत कर वितरित किये जा रहे हैं। प्रदेश में नये उद्योगों, की स्थापना के लिए 6 लाख 24 हजार 202 नई एम0एस0एम0ई0 इकाइयांें को बैकों द्वारा लगभग 18,330 करोड़ रूपये का ऋण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आज सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नवचयनित 1438 जूनियर इंजीनियरों को नियुक्ति पत्र वितरण किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जल्द ही रोजगार, स्वरोजगार और कौशल  प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मिशन रोजगार लाॅन्च किया जायेगा।
         श्री सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा निरन्तर धान खरीद की समीक्षा की जा रही है। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसानों के धान की खरीद समय से हो तथा उन्हें धान व मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य अवश्य मिले। धान और मक्का की खरीद का भुगतान 72 घंटे के अन्दर सुनिश्चित किया जाये। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिलाधिकारी की यह जिम्मेदारी है कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न होे तथा क्रय केन्द्र सुचारू रूप से कार्य करे। अधिकारियो/कर्मचारियों द्वारा लापरवाही करने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही की गयी है तथा शिकायत मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को निलम्बित भी किया गया है। धान क्रय केन्द्र पर शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी होगी। धान क्रय केन्द्रांे पर जिलाधिकारी द्वारा निरन्तर अनुश्रवण तथा आकस्मिक निरीक्षण करे। अब तक किसानों से 103.85 लाख कु0 धान की खरीद की जा चुकी है। जो पिछले वर्ष से लगभग 02 गुना अधिक है। अब तक किसानों से 7678.13 मी0 टन मक्का की खरीद की जा चुकी है।
         प्रदेश के प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अलोक कुमार ने कहा कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,52,651 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 1,66,84,729 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 2267 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 22,949 कोरोना के एक्टिव मामले हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक कुल 4,75,175 कोविड-19 से ठीक होकर पूर्ण उपचारित हो चुके है। प्रदेश में कोविड-19 रिकवरी रेट 94.01 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने बताया कि आज आर0टी0पी0सी0आर0 के माध्यम से 67,077 कोविड-19 की टेस्टिंग की गयी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर लोगों को विशेष सर्तकता बरतने की आवश्यकता है। ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 2,131 चिकित्सीय परामर्श लिए है। अब तक कुल 2,04,380 लोग चिकित्सीय परामर्श ले चुके है। उन्हांेने बताया कि पिछले वर्ष 01 अक्टूबर से 12 नवम्बर, 2019 तक 27,468 मेजर सर्जरी की गयी है, इसी अवधि में इस वर्ष 01 अक्टूबर से 12 नवम्बर, 2020 तक 25,890 मेजर सर्जरी की गयी है। उन्होंने बताया कि त्यौहार का सीजन आ रहा है सभी लोग मास्क का प्रयोग करे, हाथ धोते रहे, भीड-भाड़ वाले इलाके में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते रहे। ई-संजीवनी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है तथा ई-संजीवनी पर महिलाओं की भागीदारी, पुरूषों से अधिक है।- इंजेश सिंह/धर्मवीर खरे