वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण हेतु अभियान के संचालन हेतु अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न

 


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 9 अक्टूबर। प्रदेश के प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आलोक कुमार की अध्यक्षता में आज यहां लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण हेतु माह अक्टूबर 2020 में चलाये जा रहे अभियान के सफल संचालन हेतु एक अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा0 विकासेन्दु अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों से प्रमुख सचिव महोदय को अवगत कराया।
                बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 75 प्रतिशत परिवार संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जानकारी रखते हैं। साफ-सफाई का कार्य इस अभियान के दौरान अब तक 54 प्रतिशत हो चुका है। 86 प्रतिशत परिवारों में स्वच्छ शौचालय बने हुए हैं, जिनका 94 प्रतिशत परिवार उपयोग कर रहे हैं। पेयजल की जानकारी देते हुए बैठक में अवगत कराया गया कि 86 प्रतिशत परिवार स्वच्छ पेयजल का प्रयोग कर रहे हैं और 87 प्रतिशत परिवारों को अब तक आशाओं द्वारा संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया गया है। 81 प्रतिशत परिवारों में आशाओं द्वारा मच्छर प्रजनन स्थिति (लार्वा) को जांचा गया है। 83 प्रतिशत परिवारों को सोर्स रिडक्शन हेतु प्रेरित किया जा चुका है। जेई/एईएस/हाईग्रेड फीवर के प्रति संवेदीकृत करते हुए 83 प्रतिशत परिवारों को ऐसी स्थिति में त्वरित निदान हेतु नजदीकी राजकीय स्वास्थ्य केन्द्र में जाने के लिए प्रेरित किया जा चुका है। कोविड-19 के दृष्टिगत आशाओं द्वारा 78 प्रतिशत परिवारों को हाथ धोने के सही तरीके से अवगत कराया जा चुका है।
                     बैठक में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी द्वारा विभागवार कार्यों की समीक्षा की गई तथा जिन विभागों में लक्ष्य के अनुरूप कम उपलब्धि प्राप्त की उनको लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का आग्रह किया गया। बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान से संबंधित सभी विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे। : डा0 सीमा गुप्ता