सरकार ने एक दिन में 25 करोड़ से अधिक पौध रोपित कर ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की- डा0 राजीव कुमार गर्ग

वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ १२ अक्टूबर। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष डा0 राजीव कुमार गर्ग ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को हरा-भरा बनाने की दिशा में उठाये गये महत्वपूर्ण कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्ग-दर्शन में गत 28 जुलाई को प्रदेश के 08 जनपदों लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बाॅंदा एवं चित्रकूट में एक ही दिन एक घंटे में 240 प्रजातियों का रोपण कर गिनीज विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके अतिरिक्त एक दिन में 25 करोड़ से अधिक पौध रोपित करके ऐतिहासिक उपलब्धि भी अर्जित की गई है।
         श्री गर्ग ने बताया कि ‘‘मिशन वृक्षारोपण-2020 के तहत वन विभाग, 26 अन्य राजकीय विभागों तथा व्यापक जन सहभागिात से विगत 05 अगस्त को एक ही दिन में 25.87 करोड़ पौधों का रोपण किया गया। मुख्यमंत्री जी द्वारा कुकरैल वन में पौधे रोपित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गंगा के किनारे अवस्थित 27 जनपदों में दोनों तटों पर 10 कि0मी0 के अन्दर लगभग 06 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 67 लाख से अधिक पौधे रोपित किये गये है। यही नहीं, गंगा व यमुना की 40 से अधिक सहायक नदियों के तटों के दोनों ओर लगभग 21 हजार हेक्टेयर में 1.5 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण का कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि प्रदेश को हरित प्रदेश बनाने के साथ ही वन्य जीवों के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया है। वर्ष 2020 में प्रदेश में कराई गई हाथी गणना के अनुसार कुल हाथियों की संख्या 232 पाई गई थी। विगत वर्षों में 120 हाथियों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि देश में 10 वेटलैण्ड रामसर साईट के रूप में अधिसूचित किये गये हैं। इनमें से 06 वेटलैण्ड्स उत्तर प्रदेश में है, जो नवाबगंज, उन्नाव, गोण्डा, मैनपुरी, रायबरेली तथा हरदोई में हैं। जिनके कुल क्षेत्रफल 29.290 हेक्टेयर को रामसर साईट के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय मान्यता भी मिली है।- रवि यादव