सरकार मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने हेतु निरन्तर प्रयासरत 

वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ १२ अक्टूबर। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढानें एवं मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। राज्य सरकार ने मत्स्य उत्पादन की वद्धि और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न 11 परियोजनाओं के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में 737.48 लाख रूपये (सात करोड़ सैतीस लाख अड़तालीस हजार रूपये) स्वीकृत किये हैं। इसके माध्यम से मत्स्य विकास सम्बन्धी कार्यक्रमों  के सुनियोजित और सुव्यवस्थित संचालन में तेजी आयेगी।
       मत्स्य विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीकृत धनराशि के माध्यम से प्रदेश में मत्स्य उत्पादन के प्रोत्साहन के लिए नये तालाबों के निर्माण, मत्स्य  पालन हेतु निवेश के साथ ही आई0एम0सी0 हैचरियों की स्थापना की जायेगी। इसके साथ ही मोटर साइकिल विद आइस बाक्स का क्रय आटो रिक्शा विद इन्सुलेटेड आइस बाक्स, री-सर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम मध्यम आकार तथा मनरेगा तालाबों में निवेश को भी प्रोत्साहित किया जायेगा।
        इस सम्बन्ध में मत्स्य विभाग द्वारा जारी आदेश में निदेशक, मत्स्य विभाग को यह भी निर्देशित किया गया है कि विभिन्न परियोजनाओं के संचालन हेतु आधुनिक एवं विशेषीकृत उपकरणों के क्रय के लिए ई-टेण्डर/जेम पोर्टल विषयक दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। - निधि वर्मा