मदिरा तस्करी पर निगरानी हेतु चेक-पोस्टों पर 24 घण्टे आबकारी स्टाफ की ड्यूटी - अपर मुख्य सचिव, संजय आर. भूसरेड्डी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) अजय कुमार वर्मा
 लखनऊ 20 अक्टूबर। बिहार राज्य मे विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2020 को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध मदिरा की तस्करी की रोकथाम के लिए प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में 33 चेक पोस्टों का अंतरिम रूप से गठन किया गया है। यह जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव, आबकारी, संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि चेक-पोस्टों पर 24 घण्टे आबकारी स्टाफ की ड्यूटी लगायी गयी है, जिन्हें मदिरा की तस्करी पर निगरानी रखे जाने हेतु विशेष दिशा-निर्देश दिये गये हैं।
अवैध शराब की तस्करी पर निगरानी हेतु जारी दिशा-निर्देशों मे उत्तर प्रदेश राज्य के सहारनपुर, शामली, बागपत, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़ एवं मथुरा जनपद हरियाणा राज्य के सीमावर्ती जनपद हैं, जहां से बिहार राज्य को हरियाणा राज्य निर्मित मदिरा प्रवेश कर परिवहित होने की सर्वाधिक सम्भावना रहती है। उत्तर प्रदेश राज्य के सोनभद्र, चन्दौली, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर व महाराजगंज, जनपदों की सीमायंे बिहार राज्य से लगी हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध मदिरा तस्करी रोकने हेतु इन सभी जनपदों में पुलिस, आबकारी एवं राजस्व अधिकारियों के समन्वय से प्रभावी कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिये हैं।
श्री भूसरेड्डी ने बताया कि हरियाणा राज्य की सीमा पर वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और आबकारी विभाग के अधिकारियों को दिये गये हैं। जिससे कि हरियाणा राज्य से अवैध मदिरा उत्तर प्रदेश में न आ सके और उ0प्र0 के किसी भी क्षेत्र से भी अवैध मदिरा बिहार राज्य में न जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह भी निेर्देश दिये हैं कि अन्य राज्यों को मदिरा परिवहित करने सम्बन्धी पासों का गहनता से सत्यापन किया जाये ताकि फर्जी परमिट की आड़ में उत्तर प्रदेश से बिहार में मदिरा न पहुंच सके। उन्होंने चेक पोस्ट बैरियर पर बिहार की ओर जाने वाले सभी सदिंग्ध वाहनों की विशेष रूप से चेकिंग के भी निर्देश दिये हैं।
 अपर मुख्य सचिव ने बताया कि बिहार राज्य में अवैध मदिरा की तस्करी पर प्रभावी तौर पर रोक लगाने के भी निर्देश दिये गये हैं। यदि कोई भी व्यक्ति अवैध मदिरा की तस्करी करते पाया जाता है तो इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।- संध्या कुरील