एसीएस कृषि डा0 देवेश चर्तुवेदी ने गल्ला मंडियों में सरकारी धान क्रय केन्द्रों में धान क्रय की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की 


 वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) अजय कुमार वर्मा
 लखनऊ 22 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव कृषि, डा0 देवेश चर्तुवेदी ने आज जनपद हरदोई भ्रमण के दौरान गल्ला मण्डी सण्डीला, माधौगंज, गौसगंज एवं हरदोई गल्ला मण्डी में संचालित सरकारी धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान क्रय की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने केन्द्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिये कि मण्डी में धान लेकर आने वाले प्रत्येक किसान को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें और बिना किसी दिक्कत किसानों के धान की खरीद की जाये।
     अपर मुख्य सचिव ने डिप्टी आरएमओ, अनुराग पाण्डेय को निर्देश दिये कि गल्ला मण्डी एवं अन्य क्रय केन्द्रों पर सरकारी धान की खरीद में तेजी लाये और प्रत्येक दिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार क्रय केन्द्रों पर धान की खरीद की जायें और छोटे किसानों के धान खरीद में प्राथमिकता दें। उन्होंने केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिये कि धान क्रय केन्द्रों पर दलालों एवं बिचैलियों को किसी भी दशा में फटकने न दिया जाये और बार-बार धान क्रय केन्द्रों पर आकर अव्यवस्था एवं अराजकता फैलाने वालो के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें।
      डॉ0 चतुर्वेदी ने कहा कि जिन किसानों का पंजीकरण नहीं हुआ है, उनका पंजीकरण तत्काल प्रभाव से कराया जाये और धान क्रय केन्द्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटा, पंखा, छन्नी एवं बोरा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, बैठने के लिए छाया वाला स्थान आदि की व्यवस्था की जाये। धान क्रय केन्द्रों पर निरीक्षण के दौरान अपर जिला अधिकारी, संजय कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि डा0 आशुतोष कुमार मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी, उमेश कुमार साहू तथा मण्डी सचिव उपस्थित रहे।- अमित कुमार शुक्ला