दीपावली तक बाजारों को सातों दिन खोलने की अनुमति हेतु आदर्श व्यापार मंडल ने मांग की 


वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 22 अक्टूबर। त्यौहारों के सीजन के दृष्टिगत दीपावली तक राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश की सभी बाजारों को साप्ताहिक बंदी से मुक्त करते हुए सातों दिन खोले जाने की अनुमति प्रदान किए जाने की आदर्श व्यापार मंडल ने मांग की।
       उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया संगठन ने राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी बाजारों को  त्योहारी सीजन को देखते हुए दीपावली तक सातों दिन खोलने की अनुमति देने की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन राजेंद्र तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी एवं श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश, मंडला आयुक्त लखनऊ, पुलिस आयुक्त लखनऊ ,जिलाधिकारी लखनऊ को पत्र भेजकर  मांग की है। 
     व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा, कि लॉकडाउन के बाद पहली बार बाजारों में त्योहारों के दृष्टिकोण से ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है ऐसे में दुकानें  त्योहारों में यदि सातों दिन खुली रहेगी तो ग्राहकों एवं व्यापारियों दोनों को सहूलियत होगी तथा बाजारों में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन समुचित तरीके से होने में भी सुविधा होगी