उत्तर प्रदेश बना गुण्डों और बलात्कारियों का चारागाह - प्रदेश सचिव रमावती तिवारी


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 30 सितम्बर। राष्ट्रीय लोकदल की प्रदेश सचिव रमावती तिवारी ने हाथरस काण्ड की भर्त्सना  करते हुये कहा कि वर्तमान सरकार में उ0प्र0 गुण्डों और बलात्कारियों की चरागाह बन गया है। महिला सुरक्षा का राग अलापते हुये सत्ता में आयी भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल में बलात्कारियों को सरकारी सरंक्षण और बेटियों तथा महिलाओं को असुरक्षा के अतिरिक्त कुछ नहीं मिला है। 
     हाथरस की दलित बेटी के साथ हुये घिनौने कृत्य ने दिल्ली के निर्भया काण्ड की याद ताजा कर दी है।
श्री तिवारी ने कहा कि हिन्दूवादी सरकार में दलित की बेटी का रात्रि एक बजे हाथरस पुलिस द्वारा परिजनों की अनुपस्थिति में जबरन दाह संस्कार करना हिन्दूवादी सरकार पर बदनुमा दाग एवं लोकतंत्र में काला दिन के रूप में जाना जायेगा। प्रदेश की जनता किसी भी दषा में योगी सरकार को माफ नहीं करेगी। बेटी की मां बेटी की अन्तिम बिदाई घर से करने के लिए पुलिस वालों के सामने गिडगिडाती रही परन्तु निर्दयी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने माता पिता के साथ सम्पूर्ण गांव को बेटी के अन्तिम दर्शन तक न करने दिया। इस घटना निंदा करने मेें शब्द कम पड़ जायेगे।
      श्री तिवारी ने मांग की कि इस जघन्य घटना की जांच सी0बी0आई0 से करायी जाय और हैवानियत का नंगा नाच करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा देने के साथ ही हाथरस के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के सहित सभी जिम्मेंदार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को तत्काल निलम्बित किया जाय।