उसे लगा कुछ काट रहा है, पैंट झटकी तो निकला सांप

इंदौर। बीमार दोस्त को देखने एमवाय अस्पताल पहुंचे युवक को संपोले (सांप का बच्चा) ने काट लिया। घबराया युवक संपोले को प्लास्टिक की थैली में लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की हालत सामान्य है। घटना मंगलवार रात की है। आजाद नगर में रहने वाला अनवर पांचवीं मंजिल पर भर्ती दोस्त को देखने पहुंचा था। अचानक उसे लगा कि उसके पैर पर किसी ने काटा है। घबराए अनवर ने हड़बड़ी में पैंट के ऊपर से काटने वाले हिस्से को मसल लिया। फिर उसने अपनी पैंट झटकी तो उसमें से करीब छह इंच लंबा संपोला निकला जो मसलने की वजह से मर गया था। यह देख अनवर घबरा गया। वह तुरंत मरे हुए संपोले को थैली में भरकर ड्यूटी डॉक्टर के पास पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी। एमवाय अस्पताल में इसके पहले भी सांप निकलने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अस्पताल परिसर में ही बने पोस्टमार्टम कक्ष में तो अजगर का बच्चा भी निकल चुका है। परिसर में पेड़-पौधों की अधिकता की वजह से रेंगने वाले जीव बिल बना लेते हैं।