SP के नेता फिरोज खान का शर्मनाक बयान, रामपुर में जया प्रदा के आने से शामें रंगीन होंगी

रामपुर । समाजवादी पार्टी से रामपुर से दो बार सांसद रही चुकीं जया प्रदा के रामपुर से भाजपा की प्रत्याशी घोषित होते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं के बोल बिगडऩे लगे हैं। संभल से लोकसभा का टिकट पाने के प्रयास में लगे फिरोज खान ने जया प्रदा को लेकर बेहद शर्मनाक टिप्पणी की है। संभल से सपा के जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने कहा कि जया प्रदा के रामपुर आने पर यहां की रातें रंगीन होंगी। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोग बहुत अच्छे हैं, सूझबूझ वाले हैं, इस इलाके में आजम खां ने बहुत काम किया है। इसके बीच भी हम लोग अब मजा लेने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे। मजे लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। जया प्रदा के आने से अब रामपुर की रातें काफी रंगीन हो जाएंगी। हम लोग पहले भी उनकी रात यहां पर देख चुके हैं। लंबा समय हो चुका है, उनको देखे हुए। फिरोज खान खुद संभल से टिकट चाह रहे थे, इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान ने भी स्पष्ट कहा था कि पार्टी अध्यक्ष संभल से चुनाव लड़ें, ऐसी उनकी ख्वाहिश है। सपा-बसपा गठबंधन ने आजम खां को रामपुर से अपना प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार लोकसभा चुनाव लडऩे मैदान में उतरे हैं। फिरोज खान उनके करीबी माने जाते हैं। जया प्रदा और आजम खान की दुश्मनी जगजाहिर है। उनके बीच कई बार जुबानी तीर चल चुके हैं। फिरोज खान ने भाजपा द्वारा जयाप्रदा को रामपुर से उम्मीदवार बनाए जाने पर भी टिप्पणी की। जयाप्रदा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि मैं एक दिन बस से जा रहा था, उस दौरान उनका काफिला भी वहां से गुजर रहा था तो जाम लग गया। मैंने बस से उतरकर उन्हें देखने की कोशिश की। मुझे लगा कि कहीं जाम खुलवाने के लिए ठुमका ना लगा दें। अब चुनावी माहौल शुरू होने के बाद रामपुर की शामें तो बहुत रंगीन हो जाएंगी। रामपुर के लोग बहुत अच्छे हैं, सुलझे हुए हैं। उन्होंने कहा, 'रामपुर के लोग मजे लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, क्योंकि उन्हें एक बार फिर मौका मिला है। शामें तो यहां रंगीन होंगी। मुझे डर है कि मेरे क्षेत्र के लोग यहां शामें रंगीन न करने आ जाएं। मुझे अपने इलाके का ध्यान रखना होगा।