कुशीनगर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, एक हिरासत में

गोरखपुर। कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के एक गांव में चौदह वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को हिरासत में लिया है। घटना बीते शुक्रवार की है। 
बताया जाता है कि घटना के समय दोपहर दो बजे किशोरी गांव के बाहर शौच के लिए जा रही थी। किशोरी को अकेले देख बागीचे में ताश खेल रहे गांव के ही पांच युवक उसे नजदीक स्थित गन्ने के खेत में खींच ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवकों ने घटना का वीडियो भी बना लिया। दोपहर में वीडियो वायरल होने पर किशोरी के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। परिजनों के पूछने पर पीडि़ता ने आपबीती बताई, जिसे जान सभी दंग रह गए। थाने पहुंच पीडि़त पिता ने नामजद तहरीर दी। 
तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में लग गई। पुलिस अधीक्षक राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है। एक आरोपित हिरासत में है, जल्द ही अन्य आरोपित भी पुलिस के गिरफ्त में होंगे। 
गोरखपुर में बच्‍ची से दुष्कर्म
उधर, गोरखपुर के गगहा इलाके में पांच वर्ष की बच्‍ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोप पड़ोसी के 12 वर्षीय बेटे पर है। दुष्कर्म और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बच्‍ची खेलते-खेलते पड़ोस के घर चली गई। पड़ोसी का बेटा बहाने से घर के पीछे ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। बच्‍ची के चीखने पर वह उसे छोड़कर फरार हो गया। घर लौटकर बच्‍ची ने अपनी आपबीती मां को बताई। गांव में पहुंची पुलिस ने खेत में छिपे आरोपित को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। पीडि़ता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपित को पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। 
नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद 
कुशीनगर जिले के तरयासुतान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोरवन के समीप बड़ी नहर से एक अज्ञात महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। उक्त गांव के समीप से होकर जाने वाली बड़ी गंडक नहर में एक अज्ञात महिला के शव को देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ल ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही है।