झारखंड की 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी CPI, हजारीबाग से भुवनेश्‍वर उम्‍मीदवार

रांची। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए झारखंड में विपक्षी एकता का दम भर रहे महागठबंधन को करारा झटका लगा है। राजद की तनातनी के बीच गुरुवार को कम्‍युनिस्‍ट पार्टी ऑफ इंडिया ने भी अपने प्रत्‍याशियों का एलान कर दिया है। सीपीआइ ने हजारीबाग संसदीय सीट से भुनेश्वर मेहता को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। लोकसभा चुनाव में दुमका संसदीय सीट से सेनापति मुर्मू सीपीआइ के प्रत्याशी होंगे। पार्टी ने चतरा से भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। यहां के प्रत्‍याशी के नाम की घोषणा एक-दो दिन बाद की जाएगी। सीपीआइ कार्यालय में उम्‍मीदवारों की घोषणा करते हुए भुवनेश्‍वर मेहता ने कहा कि पार्टी इन तीनों सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। कोडरमा में भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी भाकपा माले के उम्‍मीदवार राजकुमार यादव का समर्थन करेगी। इससे पहले बीते दिन भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी झारखंड में दो सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया था। भारतीय कम्‍युनस्टि पार्टी- माले ने सोमवार को रांची में अपने उम्‍मीदवारों की घोषणा की थी। कोडरमा से राजकुमार यादव व पलामू से सुषमा मेहता माले की उम्मीदवार बनाए गए हैं। रांची में दीपांकर भट्टाचार्य ने झारखंड विकास मोर्चा पर करारा तंज कसते हुए कहा था कि वर्तमान माहौल में झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी एनपीए यानी नॉन परफोर्मिंग एसेट हैं।