मिशन शक्ति योजना की कार्ययोजना के अनुसार महाविद्यालयों में छात्राओं एवं अभिभावको को साथ लेकर चल रहे क्रियाकलापों का प्रवाह जारी 

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी) अजय कुमार वर्मा
 लखनऊ 20 अक्टूबर। प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग के अन्तर्गत चल रहे मिशन शक्ति योजना की निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सम्पूर्ण प्रदेश के विश्वविद्यालयो राजकीय महाविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप छात्र/छात्राओं एवं अभिभावको को साथ लेकर चल रहे क्रियाकलापों का प्रवाह जारी रहा। इन क्रियाकलापो के अन्तर्गत बालिकाओं की प्रतिरोधक क्षमता के संवर्द्धन हेतु आॅनलाइन व्याख्यानमालाओं, निबंध/ स्लोगन/पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु आॅनलाइन आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख रहे। दैनिक रूप से छात्र/छात्राओं व अभिभावकों द्वारा महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा हेतु ली जाने वाली शपथ का कार्यक्रम भी पूर्व दिवसों की भाॅति सम्पन्न हुआ, जिसमें पुत्र व पुत्री के मध्य भेद न करते हुए, संतानो को नैतिक मूल्यों से सम्पृक्त व अनुशासित करने की प्रतिज्ञा ली गयी एवं छात्रों द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान व अवसर के प्रति मन, वचन और कर्म से प्रतिबद्धता की शपथ ली गयी।  
      प्रदेश स्थित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से प्राप्त सूचना के अनुसार घरेलू  हिंसा पर आयोजित वेबिनारों में अद्यतन प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों ने प्रतिभाग किया है। महिला सुरक्षा संबंधी शपथ में छात्र एवं अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। छात्राओं को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण के अन्तर्गत छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है इसके साथ ही मनोवैज्ञानिक परामर्श में भी छात्राओं द्वारा बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया जा रहा है।  
      मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान  बालिकाओं का योग, व्यायाम एवं उचित पोषण के प्रति जनजागरूकता अभियान प्रदेश के उच्च  शिक्षण संस्थानों में गतिमान हैं। मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत बालिकाओं, महिलाओं को शसक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए दैनिक दिनचर्या में योग, व्यायाम व मार्शल आर्ट के साथ-साथ खानपान से संबंधित उचित पोषण व्यवस्था अपनाये जाने हेतु प्रेरित किया गया।  विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा बालिकाओं व महिलाओ ं को अपने दैनिक आहार में हरी सब्जी, फल, दूध, विटामिन व प्रोटीन से भरपूर आहार लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होने बताया कि जब शरीर स्वस्थ होगा तभी मन भी स्वस्थ होगा।
      उक्त कार्यों में विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर्स रेंजर्स, नेशनल कैडेट कोर के प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापकों ने महती भूमिका का निर्वहन किया। विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के स्तर पर उक्त इकाइयों एवं विभागों द्वारा मिशन शक्ति के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु समाज में जागरूकता लाने, महिला सुरक्षा व सम्मान से संबंधित विभिन्न सरकारी प्रयासों एवं योजनाओं के संदर्भ में जनजागरण के प्रयास हुए।  
       उक्त समस्त क्रियाकलापों का सम्पादन निदेशक, उच्च शिक्षा, विश्वविद्यालयों के कुलपति व कुलसचिव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों, महाविद्यालयों के प्राचार्य के संरक्षण में विभिन्न इकाइयों व विभागों के सहयोग से सम्पन्न हो रहा है।  
समय-समय पर माननीय उपमुख्यमंत्री महोदय व अपर मुख्य सचिव द्वारा मिशन शक्ति के कार्यों के अवलोकन व समीक्षा का कार्य भी किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत गत दिवसों की समीक्षा एवं आगामी दिवसों 21 से 25 अक्टबूर 2020 हेतु क्रियाकलापों की रूपरेखा का परिमार्जन किया जा रहा है, जिससे क्रियाकलापों को गति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। - जयेन्द्र सिंह