पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन से देश के सियासी हलकों में शोक


- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक जताया है। श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि रघुवंश बाबू के निधन से बिहार और देश की शून्य पैदा हुआ है। उन्होंने कहा,  ''रघुवंश प्रसाद सिंह गरीबी को समझने वाले और जमीन से जुड़े शख्स थे। बीजेपी के संगठन में था तो रघुवंश जी से लगातार परिचय रहा। टीवी डिबेट में हमारे बीच वाद-विवाद चलता था। गुजरात का मुख्यमंत्री होने के नाते विकास कार्यों के लेकर उनके (रघुवंश प्रसाद सिंह) संपर्क में लगातार रहता था। उनके स्वास्थ्य को लेकर मैं चिंता करता था और जानकारियां लेता रहता था।''
वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 13 सितम्बर। बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले समाजवादी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन की खबर के बाद देश के सियासी हलकों में शोक की लहर उमड़ गई है। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। 
     केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानन्द राय ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के असामयिक निधन पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा, "वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। रघुवंश बाबू का पूरा जीवन सादगी व सरलता के साथ जनता के बीच गुजरा है। उनके निधन से बिहार के राजनीतिक पटल पर एक शून्य पैदा हुआ है। दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। श्रद्धांजलि।"
      मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन से पूरा राजद परिवार दुखी एवं मर्माहत है। उन्होंने अपने शोक संदेष में कहा, "वे हमसब को छोड़ कर चले गये हैं, मगर उनके द्वारा मेरे परिवार को दिया गया स्नेह, प्यार और राजद को दिया गया संबल सदा याद आएगी। रघुवंश बाबू का व्यक्तित्व विशाल था। वे राजद के स्तंभ थे।"
       बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका जाना बिहार की राजनीति में एक युग का अवसान है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में जगह तथा उनके शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। 
      कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने भी राजद के नेता के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा, "पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रखर समाजवादी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिवार, शुभचिंतको को मजबूती प्रदान करे।" बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी श्री सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है।
      राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि यह बहुत ही दुखद खबर है। उनके जाने के बाद उनकी कमी निकट भविष्य में नहीं पूरी हो पाएगी। कुशवाहा ने कहा, "एक खास किस्म की जो राजनीति है उस राजनीति की अंतिम कड़ी के रूप में रघुवंश बाबू जाने जाएंगे। उनके अंदर सच को सच कहने का जो अदम्य साहस था।"