मुख्यमंत्री ने दिवंगत सुदीक्षा भाटी के परिवार को 15 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 13 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत सुदीक्षा भाटी के परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि सुश्री भाटी की स्मृति में उनके गांव में बच्चों के लिए पुस्तकालय एवं प्रेरणा स्थल का निर्माण कराया जाएगा।
     यह जानकारी आज यहां देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री से आज उनके सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर सुश्री सुदीक्षा भाटी के माता-पिता एवं मामा ने भेंट की। उनके साथ राज्य सभा सांसद सुरेन्द्र नागर एवं विधायक तेजपाल नागर भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुश्री सुदीक्षा भाटी के परिजनों को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सुश्री भाटी देश की बेटी थीं। उन्होंने अपने संघर्ष, परिश्रम और मेधा से देश का नाम रोशन किया है। सुदीक्षा भाटी की स्मृति में निर्मित कराया जाने वाला प्रेरणास्थल तथा पुस्तकालय छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी सिद्ध होंगे।
      मुख्यमंत्री को सुश्री सुदीक्षा भाटी के माता-पिता ने बताया कि वह बहुत मेधावी थीं। अभावों के बीच भी पढ़ाई के प्रति अपनी लगन से उन्होंने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की थी। पूरा परिवार एक कमरे में रहता था, फिर भी सुदीक्षा पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करती रहती थीं। मृत्यु से पूर्व, वह संयुक्त राज्य अमेरिका में अध्ययनरत थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री की सुदीक्षा की स्मृति में प्रेरणा स्थल के निर्माण की घोषणा पर संतोष व्यक्त किया।