मुख्यमंत्री का निर्देश है कि काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए - अवनीश अवस्थी


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 14 सितम्बर। अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज यहां लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नेे निर्देश दिया है कि काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए। इस कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए उन्होंने आवश्यकतानुसार सर्विलाॅन्स टीम की संख्या में वृद्धि के निर्देश दिये हैं। उन्होंने औषधि नियन्त्रण को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि कोविड-19 के दृष्टिगत अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों में सभी आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। इन औषधियों के बैकअप की व्यवस्था भी की जाए। कहीं भी दवाओं की जमाखोरी न होने पाए। यदि ऐसा हो तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
       श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में स्थापित आॅक्सीजन प्लाण्ट्स प्रदेश के सभी मेडिकल काॅलेजों में निर्धारित दर पर आॅक्सीजन की आपूर्ति करें। आॅक्सीजन की दर वही रहनी चाहिए, जो कोविड-19 के पहले थी। उन्होंने आॅक्सीजन की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों, मेडिकल काॅलेजों तथा चिकित्सा संस्थानों में आॅक्सीजन की कमी न होने पाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्रंी ने निर्देश दिये है कि सभी अस्पतालों में 48 घंटे आॅक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद लखनऊ, कानपुर नगर, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी तथा मेरठ में सभी मेडिकल काॅलेज तथा अस्पताल पूरी गुणवत्ता एवं क्षमता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि औषधि नियंत्रण इन जनपदों में दवाईयां तथा आॅक्सीजन की सुचारु उपलब्धता बनाये रखें। औषधि नियंत्रण द्वारा प्रदेश में दवाओं एवं आॅक्सीजन की उपलब्धता व आपूर्ति के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रतिदिन आख्या उपलब्ध करायी जाए।
      श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कोविड अस्पतालों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिक्स की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग के अधीन कोविड चिकित्सालयों में बेड्स की संख्या में वृद्धि की जाए। के0जी0एम0यू0, एस0जी0पी0जी0आई0 तथा आर0एम0एल0आई0एम0एस0 द्वारा 1,000 आई0सी0यू0 बेड्स की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि कोविड-19 से बचाव व सुरक्षा के सम्बन्ध में लगातार जागरूकता अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को ‘दो गज की दूरी एवं मास्क है जरूरी‘ के बारे में जागरूक करे। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी स्थानीय निकायों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करते हुए इसके माध्यम से लोगों को कोविड-19 के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए।
     श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत पैकेज का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाए, ताकि प्रदेश को इस पैकेज का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों को पैकेज के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय तथा पंचायत भवन का निर्माण तेजी से कराया जाए। साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत खाद के लिए गड्ढे खोदकर कम्पोस्ट तैयार करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अच्छी खाद मिलेगी और गांवों में कूड़ा भी निस्तारित होगा।
      श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आज ‘ईज़ आॅफ डुइंग बिज़नेस’ के सम्बन्ध में समीक्षा करते हुए कहा कि वर्ष 2016 की ‘ईज आॅफ डुइंग बिजनेस’ रैंकिंग में उत्तर प्रदेश 14वें स्थान पर था। वर्ष 2019 की रैंकिंग में 12 पायदान की छलांग लगाकर राज्य ने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। ‘ईज़ आॅफ डुइंग बिज़नेस’ के आगामी चरण के लिए और अधिक प्रयास करते हुए सभी सम्बन्धित विभाग एवं सरकारी एजेंसियां उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन और बेहतर बनायें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार निवेशकों व आमजन को सरल व सहज सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि ‘ईज़ आॅफ डुइंग बिज़नेस’ को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है कि निवेशक व आमजन को व्यवस्थाओं का लाभ एक क्लिक पर प्राप्त हो। इसके लिए लाइसेंस प्रक्रिया का पूर्ण रूप से सरलीकरण किया जाना अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को इस सम्बन्ध में किये जा रहे प्रयासों को गति प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
      श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग द्वारा बिजनेस रिफाॅर्म एक्शन प्लान के आगामी चरण के लिए विभिन्न सुधार सुझाये गये हैं। इन सुधारों को समयबद्ध ढंग से लागू करने के लिए सम्बन्धित विभागों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्ययोजना बनाकर इस सम्बन्ध में कार्यवाही की जाए। सुधारों को लागू किये जाने के सम्बन्ध में उन्होंने भारत सरकार को 30 अक्टूबर, 2020 तक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये कि सम्बन्धित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव अपने-अपने विभाग की आॅनलाइन सेवाओं को और सुदृढ़ करें। यह सुनिश्चित करें कि अनापत्ति प्रमाण पत्र (एन0ओ0सी0) निर्गत करने की कार्यवाही में और तेजी आये। एन0ओ0सी0 प्राप्ति के लिए फीस जमा करने की व्यवस्था को सिंगल विण्डो ‘निवेश मित्र’ पोर्टल से जोड़ा जाए। सभी प्रकार की एन0ओ0सी0 तत्काल उपलब्ध कराने के लिए 30 सितम्बर, 2020 तक व्यवस्थाओं को आॅनलाइन किया जाए।
       श्री अवस्थी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा धारा-188 के तहत 2,24,465 एफआईआर दर्ज करते हुये 4,24,995 लोगों को नामजद किया गया है। प्रदेश में अब तक 1,52,77,426 वाहनांे की सघन चेकिंग में 71,792 वाहन सीज किये गये। चेकिंग अभियान के दौरान 79,00,67,67,014 रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। आवश्यक सेवाओं हेतु कुल 4,36,680 वाहनों के परमिट जारी किये गये हैं। कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 1240 लोगों के खिलाफ 917 एफआईआर दर्ज करते हुए 445 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 20,626 कन्टेनमेंट जोन के 1,223 थानान्तर्गत, 16,07,103 मकानों के 91,61,155 लोगों को चिन्हित किया गया है। इन कन्टेनमेंट जोन में कोरोना पाॅजिटिव लोगों की संख्या 53,732 है। उन्होंने बताया कि जिन अस्पतालों में पाॅजिटिव मरीज भर्ती है, उनकी देखभाल प्राथमिकता से करते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाईन किये गये लोगों की संख्या 33,054 है। उन्होंने बताय कि प्रदेश में हाॅटस्पाॅट वाले बस्तियों की अनुमानित जनसंख्या 86,74,605 के सापेक्ष 17,841 डोर स्टेप डिलिवरी मिल्क बूथ/मैन के द्वारा दूध वितरित किया गया है। डोर स्टेप डिलिवरी ‘फल, सब्जी आदि’ कुल 21,901 वाहन लगाये गये हैं। डोर स्टेप डिलिवरी वाले प्रोविजन स्टोर की संख्या 19,383 है। प्रोविजन स्टोर के माध्यम से डिलिवरी करने वालों की संख्या 18,659 है। हाॅट स्पाॅट क्षेत्रों में कुल 03 प्रचलित सामुदायिक किचन हैं। इन बस्तियों में 16,83,677 राशन कार्डो पर खाद्यान्न वितरण किया गया है।
         श्री अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में 1,30,352 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 76 लाख 36 हजार से अधिक सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विगत 24 घंटंे में कोरोना के संक्रमित 5208 नये मामले आये है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 67,287 कोरोना के एक्टिव मामले हैं। प्रदेश में विगत 24 घंटे में कोरोना के 5932 लोग उपचारित हो चुके हैं। इस प्रकार प्रदेश में अब तक 3 लाख 17 हजार मरीज पूरी तरह से उपचारित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में 36,059 लोग हैं। जिसमें से 1,21,621 लोगों कीे आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर स्वस्थ्य हो चुके है। उन्होंने बताया कि पूल टेस्ट के अन्तर्गत कल 3213 पूल की जांच की गयी, जिसमें 2963 पूल 5-5 सैम्पल के तथा 250 पूल 10-10 सैम्पल की जांच की गयी। उन्होंने बताया कि आरोग्य सेतु ऐप द्वारा 10 लाख 99 हजार से अधिक लोगों को अलर्ट किया गया। इस पर स्वास्थ्य विभाग एवं सी0एम0 हेल्प लाइन के माध्यम से जानकारी प्राप्त की गयी। निजी चिकित्सालयों में 3827 लोग अपना ईलाज करा रहे है तथा सेमी पेड एल-1 प्लस में 2678 लोग है। प्रदेश में सरकारी कार्यालयों एवं महत्वपूर्ण संस्थानों में 64,451 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित किये जा चुके है। इनके माध्यम से 7 लाख 45 हजार से अधिक लोगों का लक्षणात्मक चिन्हांकन किया गया है। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,03,136 क्षेत्रों में 3 लाख 48 हजार से अधिक सर्विलांस टीमों के माध्यम से 2 करोड़ 31 लाख से अधिक  घरों के 11 करोड़ से अधिक जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।- सतीश भारती/संजय कुमार/ अशोक कुमार/इंजेश सिंह