अखिलेश ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर उनको शत-शत नमन किया

वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ, 16 अगस्त।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मातृभूति की खातिर अपने प्राण न्योछावर करने वाली वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी की जयंती पर उनको शत-शत नमन किया। मध्य प्रदेश के रामगढ़ रियासत की रानी अवंती बाई लोधी ने सन् 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों से खुलकर लोहा लिया था। युद्ध लड़ते हुए अपने आपको चारों तरफ घिरा देखकर स्वयं तलवार भोंककर देश के लिए अपना बलिदान दे दिया था।

    झांसी की रानी लक्ष्मी बाई की तरह अवंती बाई ने अपने पति की अस्वस्थता पर राजकाज भलीभांति सम्हाल लिया था लेकिन अंग्रेजों ने उनका राज्य भी कोर्ट कर लिया था। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में रानी अंवती बाई ने सक्रिय योगदान किया। उन्होंने रामगढ़ के आसपास के राजाओं और प्रमुख जमींदारों को देश की रक्षा के लिए आगे आने का आव्हान किया।

    वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने मृत्यु पूर्व अंग्रेज अफसर से कहा कि विद्रोह के लिए उन्होंने ही लोगों को उकसाया था। उनकी प्रजा बिल्कुल निर्दोष है। इस तरह मरते-मरते भी रानी ने हजारों लोगों को अंग्रेजों की अमानवीयता और फांसी से बचा लिया था। इस तरह अपनी वीरता की अवंती बाई स्वयं एक मिसाल बन गई।