ठंड से यूपी के कई स्कूलों में छुट्टी

उत्तर प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के चलते पारा गिरता ही जा रहा है। ऐसे में ठंड ने लोगों का जीना मुहाला कर दिया है। बढ़ती ठंड के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन ने स्कूलों का समय बदलने का फैसला लिया है। कई जिलों में शीतावकाश की घोषणा कर दी गई है। राज्य के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में यूपी में ठंडी हवाएं तेज हो जाएंगी। हवाओं की वजह से यूपी के कई भागों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तर भारत में मैदानी इलाकों पर भी शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट हो रही है। समूचे उत्तर भारत में शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो कड़ाके की सर्दी से हाल फिलहाल में निजात नहीं मिलने वाली है। इसको देखते हुए यूपी के सभी जिलों में स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के समय बदल दिए गए हैं। कई स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है।