श्रद्धालुओं से भरी चलती बस पर गिरा बरगद का विशाल पेड़, दो की मौत, छह जख्मी

सुल्तानपुर: अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कटका के पास शुक्रवार की देर शाम श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस पर हाईवे के किनारे लगा विशाल बरगद का पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें श्रद्धालु फंस गए। चीख पुकार के बाद स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस ने मोर्चा संभाला। क्रेन की मदद से पुलिस कर्मियों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों  ने दो श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया। अन्य छह लोगों का उपचार शुरू कर दिया है। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के कटका बाजार के समीप शुक्रवार की देर शाम प्रयागराज से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पर अचानक सड़क किनारे लगा विशालकाय बरगद का पेड़ जमीन से उखड़कर गिर पड़ा। बस पर पेड़ गिरते ही चीख पुकार मच गई। पूरी बस क्षतिग्रस्त हो गई। चीख पुकार सुनते ही चंद कदम की दूरी पर मौजूद द्वारिकागंज पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने बचाव कार्य शुरू करते ही घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने क्रेन की मदद से बस पर गिरे विशालकाय पेड़ को हटाया। बस में फंसे श्रद्धालुओं को बस से नीचे उतारा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं।