6 घंटे, 80 टीमें,114 अभियुक्‍त, ताबड़तोड़ कार्रवाई से आगरा में मची हलचल

आगरा। शुक्रवार देर रात से शुुरु हुआ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई का सिलसिला शनिवार तड़के तक जारी रहा। छह घंटे में पुलिस की 80 टीमों ने जनपद के 114 अभियुक्‍तों को हिरासत में ले लिया। एसएसपी बबलू कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत शुक्रवार रात 11 बजे से गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। शनिवार सुबह पांच बजे तक चले अभियान के लिए 80 टीमें गठित की गई थीं। अभियान में हरीपर्वत क्षेत्र में लूट की घटना से संबंधित दो अभियुक्‍तों को एक मोटरसाइकिल और एक लूट के मोबाइल के साथ हिरासत में लिया गया। शमशाबाद क्षेत्र से एक अभियुक्‍त को 20 लीटर कच्‍ची शराब के साथ हिरासत में लिया गया। अभियान में वांछित, एनबीडब्ल्यू  के 114 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जनपद के सभी थानों से वांछित चल रहे 14 अभियुक्त व 100 एनबीडब्ल्यू के अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत सर्वाधिक मलपुरा से 16 और थाना लोहामंडी 10 व थाना अछनेरा से 9 वारंटी को गिरफ्तार किया गया।