यूपी से साफ हो रही कांग्रेस, टूट रही माया की पार्टी - डा. महेंद्र नाथ पांडेय 
 

 लखनऊ। यूपी में कांग्रेस की जो बची खुची दो सीटे हैं वह भी भाजपा की झोली में आ रही हैं। पत्रकारों के सामने शुक्रवार को यह दावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने वाराणसी में किया। डा. पांडेय इस दौरान कांग्रेस के साथ ही सपा व बसपा पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मायावती की पार्टी अब टूट कर बिखर गई है। बसपा के तमाम बड़े नेता माया को छोड़कर भाजपा के साथ आ रहे हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश में माया पहले ही चरण में हार मान चुकी हैं। इसी लिए वह अभी से ईवीएम का राग अलापने में लगी हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम यूपी की आठों सीटें भाजपा जीत रही हैं। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि सपा, बसपा का यह भी भ्रम दूर हो गया है कि यादव, अनुसूचित या मुसलमान वोट उनका है। सभी के साथ ही यादव, दलित व मुसलमान का भी वोट अब बीजेपी को मिल रहा है।

डा. पांडेय ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस बार का आम चुनाव जाति-धर्म से ऊपर उठकर देश के लिए लड़ा जा रहा है। साथ ही राष्ट्रवाद का मुद्दा भाजपा के लिए सुपर प्लस हो गया है। देश के युवाओं में राष्ट्रवाद का मुद्दा सिर चढ़कर बोल रहा है।

डा. पांडेय ने कहा कि प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो अखिलेश ने विकास कार्यों में खूब रोड़ा लगाया। हालांकि योगी सरकार आने के बाद सड़क, बिजली, पुल, स्वास्थ्य जैसे सभी सामाजिक कार्यों ने गति पकड़ी है।