सपा ने मिर्जापुर से बदला प्रत्याशी, अब राम चरित्र निषाद लड़ेंगे चुनाव
 

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 में समाजवादी पार्टी ने मिर्जापुर से गठबंधन का प्रत्याशी बदल दिया है। एक हफ्ता पहले समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले भारतीय जनता पार्टी के सांसद राम चरित्र निषाद को मिर्जापुर से गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया गया है। 

समाजवादी पार्टी ने मिर्जापुर से पहले राजेंद्र एस बिंद को प्रत्याशी बनाया था। राम चरित्र निषाद को तीन दिन पहले शुक्रवार को ही अखिलेश यादव ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। मछलीशहर के भाजपा सांसद रामचरित्र निषाद के साथ ही पूर्व विधायक राजमती निषाद और उनके पुत्र अमरेंद्र ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। गोरखपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद प्रवीण निषाद के भाजपा का दामन थामने के बाद बाद सपा ने भी भाजपा के एक सांसद को तोड़ लिया। भाजपा को झटका देते हुए सपा ने मछलीशहर सीट के सांसद रामचरित्र निषाद को अपने पाले में कर लिया। वहीं गोरखपुर की पिपराइच सीट से पूर्व विधायक राजमती निषाद और उनके पुत्र अमरेंद्र निषाद ने भी सपा का दामन थाम लिया था। राजमती और अमरेद्र हाल ही में सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। इन तीनों को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय पर सदस्यता ग्रहण करायी।