मैनपुरी से 6ठी बार के लिए मुलायम ने नामांकन किया 
 

प्रयागराज। दिनांकः 01.04.2019 पूर्व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज मैनपुरी लोकसभा सीट से अपना नामांकन किया। इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव समेत अनेक नेता मौजूद रहे। मुलायम सिंह मैनपुरी सीट से पांचवी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। मुलायम सिंह सैफई स्थित आवास से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ समाजवादी रथ पर सवार होकर मैनपुरी पहुंचे। यहां पार्टी कार्यालय पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

      मुलायम सिंह यादव के नामांकन के बाद अखिलेश यादव ने विशाल जनसभा में कहा कि इस बार दुनिया मैनपुरी में नेताजी की रिकार्ड मतों से जीत देखेगी। नेताजी ने मैनपुरी के लिए बहुत काम किया है, उन्हें ऐतिहासिक जीत दिलाने की जिम्मेदारी यहां के मतदाताओं की है। कार्यकर्ता संकल्प लें कि अब उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करना है। उन्होंने कहा कि देष और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने बर्बाद करने के सिवा कुछ नहीं किया। किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। जनता की खुशहाली के लिए परिवर्तन जरूरी है।

      सपा अध्यछ ने कहा कि पहले समाजवादी लोग अकेले साइकिल से सम्पर्क करते थे, अब बहुजन समाज पार्टी भी साथ है। हमारा गठबंधन विचारों का संगम है। इस बार दो दल, दो रंग और दो पार्टियां एक साथ मिलकर लड़ रही हैं। यह गठबंधन देश में बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो वादे किए थे उनके खिलाफ काम किया, न किसी को नौकरी मिली, न रोजगार। नोटबंदी के चलते करोड़ो लोगों की नौकरियां छिन गई। भाजपा ने हर वर्ग को निराश किया है। 

    अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा नेतृत्व जैसा झूठ किसी ने नहीं बोला। किसानों को फसलों का लागत मूल्य नहीं मिला। गन्ना, आलू, धान किसान सभी परेशान हैं। केन्द्र की नीतियों के चलते हमारे जवान हर दिन शहीद हो रहे हैं। भाजपा ने उन्हें भी धोखा दिया। 

       समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव ने कहा कि अब तक समाजवादी पार्टी अकेले लड़ती थी तो नेताजी भारी बहुमत से जीतते थे लेकिन अब बसपा के साथ गठबंधन है। जनता भाजपा के खिलाफ है तो 85 फीसदी वोट नेताजी को मिलेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर जनता के बीच जाएं और गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताएं। सांसद तेज प्रताप यादव सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, धर्मेन्द्र यादव एवं अक्षय यादव, सांसदगण, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह तथा मैनपुरी के बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में दोनों दलों के नेता एवं कार्यकर्ता अपने झंडों-बैनरों के साथ आए थे।