कुशल राजनीतिक नेतृत्व के आभाव के चलते पश्चिम बंगाल बेरोजगारी और भुखमरी चपेट में- योगी 
 

बोनगांव/बहरामपुर/काल्ना/श्रीरामपुर 22 अप्रैल 2019।' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल में हुंकार भरी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर अलग-अगल मंचों से जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने सबसे पहले बोनगांव में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वह बहरामपुर, काल्ना और श्रीरामपुर में भी ममता बनर्जी पर जमकर बरसे। योगी ने अपने लहजे में दो टूक कहा कि टीएमसी के गुंडे लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं। हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को यहां रैली में आने से रोक रहे हैं। उनकी बौखलाहट साफ जाहिर है। उनको अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई सरकार अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रही है। देश की सुरक्षा के लिए खतरा बने बांग्लादेशियों को वापस भेजने की व्यवस्था सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। फिर एक बार मोदी सरकार का संकल्प एक जनआंदोलन बन गया है। इस आंदोलन को टीएमसी, कम्यूनिस्ट और कांग्रेस भी नहीं रोक पाएगी और जो भी रोकने का प्रयास करेगा वह मोदी की आंधी में उड़कर गायब हो जाएगा।  योगी ने कहा कि मुझे बताया गया है कि यहां दुर्गा पूजा करने में भी सरकार का दखल रहता है। शंख, घंटा, डमरू बजाने पर भी पाबंदी लगाई जाती है। सरकार दुर्गा पूजा को रोकने का प्रयास करती है। राम नवमी के जुलूस पर कुछ उपद्रवियों द्वारा पत्थरबाजी की गई और यहां का प्रशासन मौन बना रहा। उन्होंने दो टूक कहा कि यह कौन सी धर्म निरपेक्षता है, जहां पर लोगों को उनकी आस्था से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है।