इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा का खाता खुलने वाला नहीं है- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी- बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन से देश भर में स्पष्ट संदेश गया है कि इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा का खाता खुलने वाला नहीं है। जनता समझ गई है कि यह चुनाव गणतंत्र की अस्मिता और लोकतंत्र के बचाव का है। उन्होंने कहा हमारा गठबंधन जमीनी है, आम आदमी और गरीबों के हितों की उसमें गारंटी है। यह दिलो का भी गठबंधन है जिससे महापरिवर्तन आएगा। 

       श्री यादव रामलीला मैदान, कविनगर, गाजियाबाद में गठबंधन से समाजवादी पार्टी के प्रत्याषी श्री सुरेश बंसल के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सहित समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा से अब उसके कामों का हिसाब लिया जाएगा। गाजियाबाद क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास कार्य समाजवादी और बहुजन समाज पार्टी सरकारों में हुए। भाजपा ने विकास कार्यों में कोई रूचि नहीं ली। गाजियाबाद में छह लेन सड़क, मेट्रो, कई फ्लाईओवर समाजवादी सरकार ने बनाए। भाजपा के पास अपना एक काम गिनाने के लिए नहीं है। 

        श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जब अपने दो संकल्प पत्रों के वादे नहीं निभाए तो अब तीसरे संकल्पपत्र पर कौन विश्वास करेगा? उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान हटाने में माहिर हैं। उसका काम समाज में नफरत फैलाना हैं। जो पहले चायवाला था अब खुद ही चैकीदार बन गया है। कई उद्योगपति बैंको की लम्बी रकम लेकर विदेश भाग गए चैकीदार देखता ही रह गया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट की ताकत से भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दें। समाजवादी काम में आगे हैं, इसलिए हर मतदाता का प्रयास हो कि गठबंधन के लिए पड़ने वाले वोट बंटने न पाएं।

       श्री यादव ने कहा कि भाजपा राज में सीमाएं सुरक्षित नहीं। कोई दिन नहीं जाता जब कोई न कोई जवान शहीद न होता हो। शहीद परिवारों को एक करोड़ रू0 की मदद मिलनी चाहिए। भाजपा सरकार ने किसानों की आत्महत्या, नौजवानों की बेरोजगारी के आंकड़ों पर रोक लगा दी है। कालाधन लाने का वादा, भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा सिर्फ वादा ही रहा। पर्यावरण-प्रदूषण पर ध्यान नहीं है। 

श्री अखिलेश यादव ने बालेनी में राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी श्री जयंत चौधरी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने न तो स्मार्टसिटी बनाया और न ही रोजगार का प्रबंध किया। यह सरकार किस दिशा में जा रही है कोई नहीं जानता।

       श्री यादव ने कहा कि नया भारत नया प्रधानमंत्री बनायेगा। भाजपा ने देश में शिक्षा-स्वास्थ्य, रोजगार को बदहाल कर दिया है। केन्द्र सरकार उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही हैं। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को काम रोको बीमारी हो गयी है। यह हर चीज छीनने वाली सरकार है। स्वच्छ भारत के नारे से कहीं कोई शहर स्वच्छ नहीं हुआ, शौचालय बनाए गए जिनमें पानी की व्यवस्था नहीं हैं। नौजवानों के रोजगार छिने और बेरोजगारी बढ़ी है। नोटबंदी-जीएसटी से व्यापार चैपट हुआ है। कामधंधे बंद हुए हैं, कर्मचारियों की छंटनी हुई है। भाजपा विकास की नहीं विनाश की राजनीति करती है।