भाजपा ने घोषित किए यूपी के पांच और उम्मीदवार, अखिलेश यादव के सामने होंगे भोजपुरी स्टार 'निरहुआ'

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए यूपी के पांच और प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। आजमगढ़ सीट पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने भोजपुरी फिल्मों के स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' प्रत्याशी होंगे। उन्होंने अभी हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। वहीं, रायबरेली सीट पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने दिनेश प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। दिनेश प्रताप सिंह पिछले वर्ष ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रायबरेली में आयोजित एक समारोह में पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। दिनेश प्रताप के भाई राकेश सिंह हरचंदपुर से कांग्रेस के विधायक हैं। इसके अलावा, मैनपुरी में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के सामने प्रेम सिंह शाक्य तो फिरोजाबाद सीट पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव के सामने चंद्रसेन जादौन चुनावी मैदान में होंगे। मछलीशहर सीट से वी पी सरोज को प्रत्याशी बनाया गया है।