भाजपा नया भारत बनाने का झूठा सपना दिखा रही- अखिलेश 
 

लखनऊ। सपा अध्ह्यछ  अखिलेश यादव ने आज लखीमपुर खीरी के राजकीय इंटरकालेज मैदान में समाजवादी पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी कु0 पूर्वी वर्मा, धौरहरा से प्रत्याशी अरशद सिद्दीकी, निघासन उपचुनाव प्रत्याशी मो0 कय्यूम के अतिरिक्त सीतापुर से बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी नकुल दुबे के पक्ष में बजेहरा मैदान, महमूदाबाद में चुनावी सभा कर इन सभी प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की जनता से अपील की। 

     अखिलेश यादव ने कहा है कि आज देश के संविधान को खतरा है। राजनीति के स्तर में भारी गिरावट दिख रही है। भाजपा नया भारत बनाने का झूठा सपना दिखा रही है। लेकिन देश को जब नया प्रधानमंत्री और नयी सरकार मिलेगी तभी नया भारत बनेगा। राजनीति में नई दिशा देनेवाला समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का मजबूत गठबंधन है। हमारा गठबंधन दिलों का है यह टूटने वाला नहीं है। यह लम्बे समय तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पांच साल केन्द्र के और 2 साल राज्य सरकार के कामों का हिसाब किताब भी लेने का समय आ गया है। भाजपा को इसकी विफलताओं के लिए सबक सिखाना है। अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव बढ़ रहा है, महागठबंधन के पक्ष में वोटों की बारिश हो रही है। भाजपा सरकारों के पास कोई काम नही है वे हमारे कामों के उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास करने के कारण गर्मियों में चुनाव कराकर लोगों को, पत्रकारों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि हमारे तीन दलों के गठबंधन को महामिलावट कहा जा रहा है किन्तु जो 38 दलों के साथ गठबंधन किए हुए हैं वे बतायें उनका गठबंधन महामिलावटी है कि नही? समाजवादी पार्टी का  गठबंधन उन गरीबों का गठबंधन है जिन्हें सम्मान नहीं मिला है।

      अखिलेश यादव ने कहा कि अन्नदाता किसान की आत्मा खेती है। प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दुगनी करने, डेढ़ गुना ज्यादा लागत मूल्य देने आदि के वादे किए थे। उनके खाद की बोरी से 5 किलो खाद की चोरी कर कम कर दिया। हमें ऐसा चैकीदार नहीं चाहिए जो बड़े-बड़े उद्योगपतियों को देश के बाहर भाग जाने दे। बैंकों से 36,000 से ज्यादा उद्योगपति ऋण लेकर भारत छोड़कर चले गए। न कालाधन वापस आया और नहीं भ्रष्टाचार पर रोक लगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने बीमारों के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा, प्रसूताओं के लिए 102 एम्बूलेंस सेवा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा, अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 सेवा शुरू की थी। गरीब महिलाओं की मदद के लिए समाजवादी पेंशन देना शुरू किया था। फिर सरकार बनने पर अब उन्हें 3 हजार रू0 मासिक पेंशन मिलेगी। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के विकासकार्यों को बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि किसान का बेटा ही सीमा की सुरक्षा करता है। हमारे फौजी जवानों की वजह से देश सुरक्षित है, भाजपा सरकार की वजह से नहीं। भाजपा की दो करोड़ नौकरियां देने का वादा झूठा निकला। भाजपा की नोटबंदी से अर्थव्यवस्था पीछे जा रही है। 45 साल में सबसे ज्यादा बेकारी हुई है। गैस सिलेण्डरों का वजन कम कर दिया गया इसे 80 प्रतिशत लाभार्थी फिर नहीं भरा पाए। शौचालयों में पानी नहीं है। भाजपा नेता शौचालय से बात शुरू कर शौचालय पर ही अपनी बात खत्म करते हैं।