भाजपा डराकर राजनीति कर रही जबकि महागठबंधन दिलों को जोड़ रहा - अखिलेश
 आगरा। सपा अध्यछ अखिलेश यादव ने आगरा में समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल की संयुक्त जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि नीला-लाल-हरा रंग चुनाव में बढ़-चढ़कर बोल रहा है। पहले चरण में महागठबंधन के पक्ष में हुई वोटों की बारिश से भाजपा घबरा गयी है। लोकतंत्र में भाजपा के लिए अब कोई रास्ता नहीं निकलने वाला है। भाजपा कितना भी ध्यान भटका दे महागठबंधन से बहुत पीछे रहेगी।

      श्री यादव ने कहा कि आज देश की परिस्थितियां ऐसी है जिन्होंने दो शपथ ली है वे संविधान के रखवाले बनने का नाटक कर रहे हैं। संविधान बाबा साहब का दिया हुआ है। हजारों साल से जिन्होंने कमजोर वर्ग की आवाज दबायी है वही आज फिर आवाज दबाना चाहते हैं। यही आरएसएस का एजेण्डा है और शपथ भी। अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा में महान कवि सूरदास, तानसेन, षेख सलीम चिश्ती जैसे महापुरूषों की धरती हैं। यह हिन्दू-मुस्लिम की मिली-जुली संस्कृति का प्रतीक है। आगरा पूरी दुनिया में पहचान की मोहताज नहीं है। आगरा मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देता है। एक दल दिलों में खाई पैदा कर रहा है। महागठबंधन नफरत की दीवार गिराने का काम कर रही है।