आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ की सरकार गंभीर नहीं है - योगी आदित्यनाथ
 

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्नाथ ने पहले अंबिकापुर में जनता को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने की अपील की। इसके बाद वह जांजगीर चांपा और नवापारा भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अलग-अगल मंचों से कांग्रेस पर जमकर शब्द बाण चलाये। नक्सलियों द्वारा भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होती तो नक्सलवाद हावी नहीं होता और इस तरह की निर्मम हत्या संभव नहीं हो पाती।

योगी जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ फिर से खनन माफिया, वन माफिया, भू-माफिया और अराजकता की चपेट में आ रहा है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ की सरकार गंभीर नहीं है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र के माध्यम से नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद बढ़ाने के लिए सारे इंतेजाम कर लिये हैं। मुख्यमंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि वर्तमान में यहां की सरकार द्वारा केंद्र की मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना को सही से लागू नही किया जा रहा है, लोगों को इस योजना से दूर रखा जा रहा है। पिछले दो-तीन महीनों के दौरान छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं को कुचलने का प्रयास हो रहा है साथ ही गरीबों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें लोक कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है। सरकार दृढ़ इच्छाशक्ति से चलती है और उस दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय भारतीय जनता पार्टी ने दिया है, लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार अराजकता का कारण बन रही है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में यही अंतर है। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि 130 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति करते हुए भारत को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करना है।