पुलिस ने बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया युवक को

लखनऊ। हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। इसकी सूचना मिलने पर हजरतगंज सीओ ने ढाई घंटे के अंदर युवक को सकुशल बरामद कर लिया जबकि चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि गोंडा निवासी फैजान अहमद भाई मो. इश्तियाक के साथ पासपोर्ट बनवाने के लिए लखनऊ आया था। पासपोर्ट ऑफिस पहुंचने पर उन्हें बुधवार का समय दिया गया था। जिस पर फैजान व इश्तियाक जवाहर भवन स्थित मदरसा बोर्ड के दफ्तर आ गए। वह लोग जवाहर भवन के सामने स्थित होटल पर चाय पी रहे थे। इस बीच सफेद रंग की कार आकर वहां रुकी। कार से उतरते ही दो युवक फैजान पर टूट पड़े। मारपीट होते देख इश्तियाक ने बीच-बचाव करने का भी प्रयास किया। बदमाश फैजान को जबरन कार में बैठाकर भाग निकले। इश्तियाक ने भाई को अगवा किए जाने की सूचना पुलिस को दी। अपहरण की जानकारी होते ही पुलिस ने फैजान का मोबाइल सर्विलांस पर ले लिया। अपहृत हुए युवक की लोकेशन लगातार बदल रही थी। जिसे ट्रैस करते हुए करीब ढाई घंटे बाद पुलिस अपहरणकर्ताओं तक पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक फैजान कुछ वक्त पहले तक सऊदी अरब में काम करता था। अपहरण करने वाले अमेठी निवासी मो. मतीन, रमजान, बाराबंकी सुबेहा निवासी प्रशांत अवस्थी व गोंडा निवासी उबैद रहमान को वह पहले से जानते हैं। वह आरोपितों के साथ दुबई में काम भी कर चुका है। फैजान ने आरोपितों के परिचितों से वीजा बनवाने के नाम पर लाखों रुपये लिए थे। इन रुपयों को वापस करने के लिए आरोपितों ने उसे अगवा कर अपनी रकम वसूलने का प्रयास था।