पूर्व न्यायाधीश काटजू के बिगड़े बोल, नेताओं ने देश को खोखला कर दिया

मुरादाबाद : अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू के बोल एक बार फिर बिगड़ गए। मुरादाबाद आये काटजू ने लोकतंत्र का उपहास उड़ाया और नेताओं को गोली मारने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश का संविधान खोखला हो चुका है। नेताओं ने देश की जनता को लूटा है। देश कि जनता जाति के नाम पर भेड़ बकरियों की तरह वोट डालने जाती है। मैने आज तक वोट नहीं डाला है और न डालूंगा। उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में बीजेपी पूरी तरह से साफ होने जा रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। इस चुनाव में गठबंधन की भूमिका अहम रहने वाली है। गठबंधन की सरकार देश में बनने जा रही है। इसके बाद मुसलमानों पर हो रही लिंचिंग की घटनाएं खत्म होंगी। काटजू रविवार को एक स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में आये थे। मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा की भाजपा की सरकार में मुसलमानों के साथ ज्यादती की गई है। उनका शोषण किया गया है। इसका जवाब उन्हें चुनाव में मिलेगा। केंद्र में कांग्रेस की सत्ता वापसी पर कहा कि कांग्रेस भी पूरी तरह से साफ है। उनका कोई वोट बैंक नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पांच साल में असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाए रखा। सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा घटना के बाद हुई एयर स्ट्राइक जैसे मुद्दों को सरकार भुनाने की कोशिश कर रही है। इससे उनको कोई लाभ मिलने वाला नहीं है। चुनाव में युवाओं की भूमिका पर कहा कि भारत का युवा जातीय मानसिकता से ग्रसित हो चुका है। वह भी मन में जाति को ध्यान में रखकर वोट करता है। इससे देश में परिवर्तन आने वाला नहीं है। काटजू ने कहा कि राम मंदिर कोई मुद्दा नहीं है। बीजेपी अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को जिंदा रखना चाहती हैं।