कर्मचारियों की 90 करोड़ देनदारी दबाए बैठा नगर निगम, आक्रोश

लखनऊ। कर्मचारियों के बकाया देयकों को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ ने मंगलवार को मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी का घेराव किया। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष आनंद वर्मा ने ओटीएम के माध्यम से आने वाले हाउस टैक्स और राज्य वित्त आयोग की धनराशि से कर्मचारियों के बकाया देयकों के भुगतान की मांग की है।
नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम में मौजूदा समय में ओटीएस के माध्यम से धनराशि आ रही है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन को अधिक से अधिक धनराशि कर्मचारियों के बकाया देयकों को चुकाने में करनी चाहिए। संघ के अध्यक्ष ने बताया कि मौजूदा समय में नगर निगम पर लभभग 90 करोड़ रुपया कर्मचारियों की देनदारी है। इसमें वेतन, भत्ते, पेंशन, परिवारिक पेंशन, पारिश्रमिक, भविष्य निधि, अर्जित अवकाश समेत उपादान की राशि शामिल है, लेकिन लेखा विभाग यह तय नहीं कर रहा है कि आखिर कर्मचारियों के बकाया का भुगतान कैसे होगा।