चुनाव की चेकिंग में रोक दी कलेक्‍टर की गाड़ी, मिली शाबाशी

रांची। लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को रांची-टाटा मार्ग पर रायडीह मोड़ के समीप तमाड़ प्रखंड प्रशासन द्वारा वाहनों की चेंकिग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक काले रंग की एक्सयूवी  में रांची के जिला कलेक्‍टर और उपायुक्त महिमापत रे टाटा से रांची की ओर जा रहे थे। उनके वाहन को तमाड़ प्रखंड प्रशासन द्वारा जांच के लिए रोका गया। इसके बाद वाहन की चेकिंग हुई। इसके लिए उपायुक्त ने जांच कर रहे पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना की। मौके पर बीडीओ राहुल कुमार, थाना प्रभारी चंद्रशेखर आजाद, अंचलाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे। उपायुक्त के संग अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। लोकसभा चुनाव को लेकर ही प्रशासन द्वारा जांच के निर्देश दिए गए हैं, इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में चेक पोस्ट की व्यवस्था की गई है। सीमाओं को सील करने के लिए पदाधिकारियों की चेकपोस्ट पर ड्यूटी लगाई गई है, जहां जिलों में प्रवेश करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। गुरुवार की सुबह सदर अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा सिंह के द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर राजधानी रांची के नगड़ी इलाके में लालगुटवा ओवर ब्रिज के पास एक गाड़ी को रुकवाकर चेक किया गया। वाहन की तलाशी के दौरान इसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां पाई गई। वैन और शराब को जब्‍त कर लिया गया है। नगड़ी थाना प्रभारी संतोष कुमार पाण्डेय वैन चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रहे हैं।