भाजपा और कांग्रेस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे: माया

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों की नीतियां एक जैसी हैं। इन दोनों की सरकार में गरीबों और दलितों के साथ उपेक्षित व्यवहार किया गया। गरीबी हटाने के मामले में दोनों का चरित्र एक जैसा रहा है। चुनावी लाभ के लिए दिखावे की राजनीति करना दोनों दलों की आदत में शुमार है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भारतीय रक्षा वैज्ञानिकों द्वारा अंतरिक्ष में सैटेलाइट के सफल परीक्षण पर बधाई देने के बाद कहा कि इस परीक्षण के नाम पर चुनावी लाभ लेने के लिए राजनीति करना ठीक नहीं है। इसी तरह की हरकतें कांग्रेस के शासनकाल में भी की जाती रही हैं। इसलिए भाजपा और कांग्रेस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे की तरह हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षण की आड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चुनावी लाभ के लिए राजनीति करना अति-निंदनीय है। चुनाव आयोग को इसका सख्त संज्ञान जरूर लेना चाहिए। इसके साथ ही सत्ताधरी भाजपा का कांग्रेस पार्टी पर आरोप कि उसका गरीबी हटाओ-2 का नारा चुनावी धोखा है पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सच है, लेकिन क्या चुनावी धोखा व वादाखिलाफी का अधिकार केवल भाजपा के पास ही है? सत्ता हासिल करने की कोशिश में कांग्रेस ने भी वादे किए थे, जिसे वह कभी पूरा नहीं कर पाई। इसलिए देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।