अभिनंदन का अभिनंदन, शहीदों का बलिदान हम कभी नहीं भूलेंगे: अखिलेश
 

लखनऊ (वेब वार्ता/अजय कुमार वर्मा)। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि विंग कमांडर अभिनंदन की वीरता का हार्दिक ‘अभिनंदन‘। राष्ट्र का मान बढ़ाने के लिए हम सब उनके आभारी हैं। उम्मीद करता हॅूं कि आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पाकिस्तान सख्त कार्रवाई करेगा और उसको जड़ से खत्म करेगा। शान्ति बने रहने की प्रार्थना के साथ हम शहीदों के परिवारों को यकीन दिलाते हैं कि हम उनका बलिदान कभी नहीं भूलेंगे। 

       देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के बाहर भी अपना पराक्रम दिखा रहा हैं। वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। देश की मजबूती और सुरक्षा के लिए वह बलिदान कर रहा है। देश के वीर जांबाज पाइलट विंग कमांडर अभिनंदन के सकुशल और सही सलामत लौटना हमारे लिए प्रसन्नता और गर्व की बात है। उन्होंने जो हिम्मत और हौंसला दिखाया है वह अभिनंदनीय है। पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। 

       विडम्बना है कि आज जब पूरा देश राजनीति से ऊपर उठकर एक भारतीय के रूप में सरकार के साथ खड़ा है, भाजपा को अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ साधने में संकोच नहीं है। भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं से सम्पर्क का रिकार्ड बनाने और अपनी चुनावी सभाएं करने में व्यस्त है। 

       विपक्षी नेताओं ने लगातार सेना के शौर्य का सम्मान करते हुए सरकार से हालात का राजनीतिकरण न करने की अपील की है।