आजमगढ़ के लालगंज से संगीता आजाद होंगी बसपा प्रत्याशी

आजमगढ़। बहुजन समाज पार्टी ने गहन मंथन के बाद लालगंज सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी तय कर दिया है। समाजवादी पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल के साथ सूबे में गठबंधन करने वाली बसपा ने यहां के लालगंज सुरक्षित क्षेत्र से संगीता आजाद को प्रत्याशी घोषित किया है। आजमगढ़ के लालगंज संसदीय क्षेत्र के लालगंज में आज सपा-बसपा की संयुक्त बैठक हुई। बसपा के मंडल प्रभारी घनश्याम खरवार ने लालगंज संसदीय सीट से संगीता आजाद को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। संगीता आजाद लालगंज के बसपा विधायक अरिमर्दन आजाद की पत्नी और बसपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य गांधी आजाद की पुत्र वधू हैं। संगीता अब लालगंज से सपा- बसपा की संयुक्त प्रत्याशी होंगी। देश में 17वीं लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही किस पार्टी से कौन प्रत्याशी होगा, इसे लेकर सियासी गलियारे में हो रही चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही है। तमाम कयासों के बीच दो दिन पहले इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया कि लालगंज (सुरक्षित) सीट से संगीता आजाद बसपा की प्रत्याशी होंगी। गठबंधन के बाद जिले की दो संसदीय सीटों में आजमगढ़ सदर सीट समाजवादी पार्टी और लालगंज (सुरक्षित) सीट बसपा के खाते में गई है। काफी इंतजार के बाद बहुप्रतीक्षित सीट आजमगढ़ से आखिरकार सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की विरासत संभालने के लिए अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम की घोषणा हो गई। इसके बाद चुनावी चर्चा ने जोर पकड़ लिया। लालगंज से नीलम सोनकर भाजपा से सांसद हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सीटिग एमपी होने के कारण इनका टिकट पक्का होना तय है। कांग्रेस ने युवा चेहरे पंकज मोहन सोनकर के नाम की घोषणा कर दी। कुछ दिन बाद ही शिवपाल सिंह यादव ने अपनी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) से सपा के पुराने नेता और कई बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके सरायमीर निवासी हेमराज पासवान को प्रत्याशी घोषित कर दिया। लालगंज लोकसभा के बसपा प्रभारी व पूर्व मंत्री घूरा राम को हटाए जाने के बाद नए प्रत्याशी के नाम पर अटकलें लगाई जाने लगीं। बसपा नेतृत्व ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा तो नहीं की है, लेकिन दो बार बसपा के राज्यसभा सांसद रहे चुके स्व. गांधी आजाद की पुत्रवधू संगीता आजाद के नाम पर चर्चा तेज हो गई है। संगीता आजाद के पति लालगंज (सुरक्षित) विधानसभा सीट से बसपा के विधायक हैं। वह इस समय दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। विधायक अरिमर्दन आजाद की चाची मीरा आजाद जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं, जबकि उनकी पत्नी गृहणी हैं।